No image

मीसाबंदियों का भोपाल में सम्मान

  • Jun 26, 2025
  • Super Admin
  • देश

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कहा है कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का ही परिणाम है कि आज हम मजबूत और जवाबदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था देख रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया कि सभी लोकतंत्र सेनानियों को आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क इलाज और जरूरत पड़ने पर पीएम एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र सेनानियों व उनके परिजनों को उद्योग लगाने के लिए प्राथमिकता से सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगीं। डाॅ यादव ने कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, हरियाणा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मंत्री तुलसी सिलावट और अशोक कड़ेल को ताम्रपत्र भेंट किए। अन्य मीसाबंदियों को जिलों के प्रभारी मंत्री ताम्रपत्र सौंपेंगे। 

मुख्यमंत्री डाॅ यादव, सीएम हाउस में आयोजित मीसाबंदियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी, गवर्नर गेहलोत एवं सोलंकी ने भी संबोधित किया। सीएम ने कहा कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। लोकतांत्रिक प्रणाली ही हमारी विविधता में एकता को बनाए रखने का आधार है। इस विरासत को आगे बढ़ाना हम सबका नैतिक दायित्व है। 

सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा, बोले-संविधान और लोकतंत्र के हत्यारे अब संविधान बचाने की बात करें तो ये कैसे सहेंगे। जिन्होंने अंबेडकर के साथ अन्याय किया वो अंबेडकर की बात करते हैं। राज्य सरकार वर्ष 2025 को रोजगार एवं उद्योग वर्ष के रूप में मना रही है। पात्र होने पर लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को भी इन सभी शासकीय योजनाओं में प्राथमिकता से लाभ दिया जाएगा। उनके परिजनों के कल्याण में कोई कसर नहीं रखेंगे।