No image

आॅपरेशन सिंदूर के बाद मातृशक्ति का मेगा-शो

  • May 28, 2025
  • Super Admin
  • देश

भोपाल। आॅपरेशन सिंदूर के बाद भोपाल में 31 मई को हो रहे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर की मातृशक्ति को बड़ा संदेश देंगे। इस मेगा शो में स्व सहायता समूह की 2 लाख आत्म निर्भर बहनें शामिल होंगी। कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश भाजपा ने अपनी प्रमुख महिला नेत्रियों और महिला विंग को अहम जिम्मेदारी सौंपी हैं। संभवत: यह पहला मौका होगा जब भोपाल में पीएम मोदी के स्वागत से लेकर सुरक्षा, मंच संचालन, पांडाल और भोजन व्यवस्था भी महिला नेत्रियों के हवाले रहेगी। हेलिपेड से कार्यक्रम स्थल तक पीएम की गाड़ी संचालन का जिम्मा भी किसी महिला को सौंपी जा सकती है। 
 लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300 वीं जयंती के समापन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दो लाख आत्मनिर्भर स्व-सहायता समूह की महिलाएं शामिल होंगी। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि महिलाअों पर केंद्रित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी आॅपरेशन सिंदूर के बाद की स्थितियों पर देश के नाम बड़ा सियासी संदेश भी दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान शहीद फौजियों के परिजन माता-बहनों को सम्मानित भी किया जाएगा। 
भाजपा के अधिकृत सूत्रों का कहना है कि आयोजन के लिए बनाई महिला नेत्रियों की प्रदेश टोली में मंत्री कृष्णा गौर, उपाध्यक्ष सीमा सिंह, सांसद माया नारोलिया, महापौर मालती राय, नेहा बग्गा, भक्ति शर्मा एवं वंदना जाचक को रखा गया है। इन सभी महिला नेत्रियों के साथ महिला मोर्चा सहित अन्य पदाधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। 
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में दूसरे जिलों से आने वाली महिलाअों के सुगम आवागमन और खान-पान संबंधी चाक-चौबंद व्यवस्थाअों के लिए अलग जवाबदारी बांटी गई है।